अहमदाबाद में ₹25 करोड़ का ड्रग्स ज़ब्त, यूपी-दिल्ली के 3 शातिर तस्कर गिरफ्तार !

अहमदाबाद और सूरत क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई कर ₹25 करोड़ से अधिक का MD ड्रग्स और हेरोइन पकड़ा। पूरे राज्य में सप्लाई की थी तैयारी, 3 अंतरराज्यीय तस्कर सलाखों के पीछे।

अहमदाबाद में ₹25 करोड़ का ड्रग्स ज़ब्त, यूपी-दिल्ली के 3 शातिर तस्कर गिरफ्तार !

अहमदाबाद में ₹25.65 करोड़ के ड्रग्स के साथ UP-दिल्ली के 3 तस्कर गिरफ्तार: पूरे गुजरात में होना था सप्लाई !

गुजरात में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और जांच एजेंसियों ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। अहमदाबाद और सूरत क्राइम ब्रांच के संयुक्त ऑपरेशन में अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ₹25.65 करोड़ मूल्य की भारी नशीली खेप बरामद की गई है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली और उत्तर प्रदेश (मेरठ) से जुड़े 3 कुख्यात अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गुजरात के कई बड़े शहरों में मादक पदार्थों का एक बड़ा नेटवर्क फैलाने की फिराक में था।

CTM टोल प्लाजा के पास घेराबंदी, आधी रात को बड़ा एक्शन

सूरत क्राइम ब्रांच और अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को सटीक खुफिया सूचना मिली थी कि परप्रांत से एक वाहन के जरिए ड्रग्स की एक बड़ी खेप गुजरात में दाखिल होने वाली है। सूचना मिलते ही दोनों शहरों की क्राइम ब्रांच टीमों ने संयुक्त रणनीति बनाई और अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर रामोल थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सीटीएम (CTM) टोल प्लाजा के पास सख्त नाकाबंदी कर दी।

संदिग्ध वाहन के टोल प्लाजा पर पहुंचते ही पुलिस टीमों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उसमें सवार तीनों तस्करों को हिरासत में ले लिया।

7 किलोग्राम से अधिक MD और हेरोइन बरामद

गाड़ी की सघन तलाशी के दौरान पुलिस को उच्च गुणवत्ता वाले सिंथेटिक और प्राकृतिक नशीले पदार्थ मिले:

  • मेफेड्रोन (MD): लगभग 2,497.49 ग्राम (करीब 2.5 किग्रा), जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹3 करोड़ है।

  • हेरोइन: लगभग 4,531.22 ग्राम (करीब 4.5 किग्रा), जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹22.65 करोड़ आंकी गई है।

  • कुल जब्ती: मौके से 7 किलोग्राम से अधिक ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत ₹25.65 करोड़ से अधिक है।

पूरे गुजरात में फैलाना था नेटवर्क

पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी अंतरराज्यीय सिंडिकेट के सक्रिय सदस्य हैं और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी रहे हैं। यह भारी खेप केवल अहमदाबाद तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसे अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और सौराष्ट्र के स्थानीय पैडलरों तक पहुंचाने की योजना थी।

पुलिस अब इस सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन, मुख्य सप्लायरों, स्थानीय खरीदारों और संभावित हवाला नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।